युरेशिया संवाददाता
मीरापुर। क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी पोते द्वारा अपने ही बीमार व वृद्ध दादा के साथ धोखाधड़ी कर मकान का बैनामा कराने तथा बाद में मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगा है। पीड़ित बुजुर्ग ने थाना मीरापुर सहित राजस्व अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना मीरापुर क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर निवासी अकबर पुत्र सुक्खन ने बताया कि वह काफी समय से बीमार हैं और वृद्धावस्था के कारण चलने-फिरने में भी असमर्थ हैं। आरोप है कि उनके पोते मुस्तकीम पुत्र रब्बान अली ने उनकी इसी मजबूरी का फायदा उठाया। पीड़ित के अनुसार 11 दिसंबर 2025 को पोता उन्हें यह कहकर घर से ले गया कि चिकित्सक को दिखाने ले जा रहा है, लेकिन उन्हें सीधे सब-रजिस्ट्रार कार्यालय ले जाकर उनके मकान का बैनामा अपने पक्ष में रजिस्टर्ड करा लिया गया। बुजुर्ग का कहना है कि उन्हें न तो बैनामे की जानकारी दी गई और न ही उनकी सहमति स्पष्ट रूप से ली गई। पीड़ित ने आगे बताया कि जब रजिस्ट्री के बाद उन्हें सच्चाई का पता चला और उन्होंने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई तथा उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया। इस घटना के बाद से वह भयभीत हैं और दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पीड़ित बुजुर्ग ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पोते के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Home कलयुगी पोते पर बीमार दादा की जमीन हडपने का आरोप
