मेरठ। इंचौली थाना क्षेत्र के रहने वाले एक अधेड़ ने तीन लाख की उधारी वापस मांगने पर गांव के एक हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों पर अपने परिवार पर हमले का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में एक तरफा कार्रवाई करते हुए उल्टा उसके ही बेटों को जेल भेज दिया। अधिकारियों ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
खरदौनी गांव का रहने वाला अनीस सोमवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचा। अनीस ने बताया कि वह भूसे का कारोबार करता है। कारोबारी के मुताबिक गांव के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर माजिद उर्फ टैक्सी और गुफरान उर्फ खरगोश पर उसके भूसे की तीन लाख की रकम बकाया थी। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर हिस्ट्रीशीटरों ने अपने कई साथियों के साथ बीती 24 दिसंबर को अनीस के घर पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से लैस हमलावरों ने अनीस के परिवार की महिलाओं सहित सभी लोगों की जमकर पिटाई की और फायरिंग करके फरार हो गए। हमले में अनीस और उसके भाई अतीक सहित कई लोग घायल हुए। मगर पुलिस ने उल्टा अनीस पक्ष के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके बेटों को जेल भेज दिया। वहीं, हमला करने वाले अभी गांव में खुले घूम रहे हैं। हमले की लाइव वीडियो अधिकारियों को दिखाते हुए अनीस ने कार्यवाही की मांग की। जिस पर अधिकारियों ने जांच और कार्यवाही के आदेश दिए हैं।

