नगला राई में बदहाल व्यवस्था, जलभराव से राहगीर परेशान

  • चैनल निर्माण न होने से सड़क पर गंदा पानी, विकास कार्यों पर उठे गंभीर सवाल

शाहिद सऊद/युरेशिया
मुजफ्फरनगर। चरथावल विकास खण्ड के ग्राम नगला राई बस स्टैंड से कुल्हेड़ी जाने वाले मार्ग पर जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जमा गंदे पानी से होकर गुजरना लोगों की मजबूरी बन गई है, जिससे उनके कपड़े खराब हो रहे हैं और आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के विधानसभा अध्यक्ष मतलूब राईन ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं, लेकिन जल निकासी के लिए अब तक चैनल का निर्माण नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, बावजूद इसके पंचायत स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने बताया कि यहां पर चैनल निर्माण या पुलिया निर्माण कार्य कराए जाने को उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिव ग्राम प्रधान को कई बार अवगत कराया है। मगर बावजूद इसके उन्होंने इस ओर ध्यान देना उचित नहीं समझा।
उन्होंने सफाई व्यवस्था पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि महीनों से यहां सफाई कर्मचारी नहीं आया है, जिसके चलते सड़क किनारे गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाल ही में ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव द्वारा चैनल निर्माण के नाम पर ग्राम पंचायत निधि से लाखों रुपये निकाले गए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्य दिखाई नहीं दे रहा है। इससे विकास कार्यों की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे उच्च अधिकारियों के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराएंगे और गांव में कराए गए सभी विकास कार्यों की जांच की मांग करेंगे।