Monday, August 3, 2026
Homeदेशप्रधानमंत्री रविवार को दिल्ली में 33,500 करोड़ की विकास परियोजनाओं का करेंगे...

प्रधानमंत्री रविवार को दिल्ली में 33,500 करोड़ की विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास

नई दिल्ली, 06 मार्च । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 8 मार्च को दिल्ली में लगभग 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री सरोजिनी नगर में जनरल पूल रेजिडेंशियल अकॉमोडेशन (जीपीआरए) टाइप-5 क्वार्टर्स का दौरा करेंगे और महिला आवंटियों को आवास की चाबियां सौंपेंगे।
प्रधानमंत्री लगभग 18,300 करोड़ रुपये की लागत वाली दिल्ली मेट्रो की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें मेट्रो के दो नए कॉरिडोर करीब 12.3 किलोमीटर लंबा मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन) कॉरिडोर और लगभग 9.9 किलोमीटर लंबा दीपाली चौक-मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर शामिल हैं। इन नई लाइनों से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क सहित कई क्षेत्रों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो के फेज-5 (ए) के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे। लगभग 16.10 किलोमीटर लंबाई वाले इन कॉरिडोर में आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज मार्ग शामिल हैं। इन परियोजनाओं से राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख क्षेत्रों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा तथा नोएडा, दक्षिण दिल्ली और हवाई अड्डे के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा।
प्रधानमंत्री करीब 15,200 करोड़ रुपये की लागत से जनरल पूल रेजिडेंशियल अकॉमोडेशन (जीपीआरए) पुनर्विकास योजना के तहत कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी सहित प्रमुख स्थानों पर फैली ये परियोजनाएं सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक आवास और प्रशासनिक ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं। इस पुनर्विकास योजना के तहत 9,350 से अधिक आधुनिक फ्लैट बनाए जाएंगे, साथ ही लगभग 48 लाख वर्ग फुट कार्यालय क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा, जिससे प्रशासनिक दक्षता में सुधार होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments