Wednesday, October 21, 2026
Homeदेशपीड़ितों की समस्याओं का उचित समाधान सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री योगी

पीड़ितों की समस्याओं का उचित समाधान सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री योगी

  •   मुख्यमंत्री ने जन समस्याओं का लिया संज्ञान, एक-एक फरियादी से खुद मिले

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। सभी के प्रार्थना पत्र लिए और अधिकारियों को निर्देशित किया कि इनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पीड़ित की उचित समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत है।

मंदिर पर कब्जे की शिकायत

उन्नाव के बांगरमऊ से आईं ममता तिवारी ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र देते हुए कुछ लोगों पर मंदिर कब्जा करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि कब्जा करने वाले लोग मंदिर में पूजा भी नहीं करने दे रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए तत्काल पुलिस अधीक्षक को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। बदायूं से आए एक किसान ने बताया कि कुछ लोगों ने उनकी फसल नष्ट कर दी और पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इस पर मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए। दोषी व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बलरामपुर जिले से आए एक फरियादी ने बताया कि गांव की सड़क बहुत खराब है। ग्राम प्रधान कई वर्षों से इसका निर्माण नहीं होने दे रहे हैं, जिससे आवागमन में काफी परेशानी होती है। इस पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांव में जाकर ग्रामीणों से बातचीत करें। स्थिति का खुद आकलन करें और सड़क निर्माण कराएं।

खिलाड़ी हमारी धरोहर, इनकी समस्या का जल्द निस्तारण कराएं

‘जनता दर्शन’ में पहुंचे फर्रुखाबाद निवासी एक खिलाड़ी ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखी। बताया कि वह निशानेबाज हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक भी जीत चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से लाइसेंस दिलाने का अनुरोध किया। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि खिलाड़ी हमारी धरोहर हैं। इनके प्रार्थना पत्र का संज्ञान लें और उचित कार्रवाई कराएं।

जमीन व पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले भी आए

‘जनता दर्शन’ में जमीन व पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले भी आए। मुख्यमंत्री ने सभी प्रकरणों से जुड़े प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को यथोचित कार्रवाई का आदेश दिया। लखनऊ से आए एक फरियादी ने अवैध कॉलोनी से जुड़ा मुद्दा उठाया, जिस पर मुख्यमंत्रीने आवास आयुक्त को संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। कुछ जिलाें से आए फरियादियों ने सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत की तो कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री योगी ने ऐसे तमाम मामलों पर कार्रवाई का निर्देश देते हुए पीड़ितों की संतुष्टि पर विशेष जोर दिया। सरोजिनी नगर से आए एक फरियादी ने जमीन कब्जाने व बाउंड्रीवाल तोड़ने की शिकायत की, जिस पर एसडीएम सरोजिनी नगर को मामले के निस्तारण का निर्देश दिया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments