Thursday, June 18, 2026
Homeदेशभीषण गर्मी, उमस और लू से परेशान है समूचा उत्तर प्रदेश, तेज...

भीषण गर्मी, उमस और लू से परेशान है समूचा उत्तर प्रदेश, तेज आंधी ने बढ़ा दी और मुश्किलें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी, उमस और लू की मार से आम आदमी परेशान है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है। चिलचिलाती तेज धूप, गर्म हवाओं और तपिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार काे पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश में जगह-जगह मौसम शुष्क रहने की संभावना जताते हुए 30 से 40 किमी. प्रति घंटे की गति से धूल भरी तेज हवाएं, गरज चमक के साथ बाैछारें पड़ने का अनुमान लगाया है।

लखनऊ में मंगलवार को भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, यहां अधिकतम तापमान लगभग 42 से 45 डिग्री सेल्सिसय के बीच रहने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान के 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। पूरे दिन तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी लेकिन शाम के समय मौसम साफ़ और गर्म रहेगा। हालांकि आज मंगलवार को बड़ा मंगल होने के कारण जगह जगह भंडारों का आयोजन और जल सेवा होने से लोगों को काफी राहत मिली रही है।

लखनऊ, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी, बलिया, साेनभद्र, मीरजापुर, बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तेज गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है। पिछले कई दिन में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। इन जिलाें में हल्की फुल्की बारिश, आकाशीय बिजली और धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में सक्रिय हो रही ठंडी पुरवाई हवाएं और उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा नया पश्चिमी विक्षोभ मिलकर जरूर मौसम का रुख कुछ बदल सकते हैं। इसके असर से 28 मई के आसपास लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश, आंधी और गरज-चमक होने की संभावना है। इससे हीटवेव से राहत मिल सकती है।

मौसम विज्ञान लखनऊ केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, वर्तमान में फिलहाल मध्य भारत के ऊपर एक एंटी-साइक्लोन बना हुआ है, जिसकी वजह से गर्म और शुष्क पछुआ हवाएं उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में सक्रिय हैं। यही कारण है कि प्रदेश में गर्मी और लू का असर है। लेकिन अब निचले क्षोभमंडल में पुरवाई हवाएं सक्रिय होने से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने वाला है। ऐसे में जब ये दोनों सिस्टम एक-दूसरे के प्रभाव में आएंगे तो प्रदेश कई जिलों में बारिश, आंधी व गरज-चमक के साथ बाैछारें पड़ सकती हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments