Thursday, June 18, 2026
Homeदेशखीरी पुलिस को बड़ी कामयाबी: गाजियाबाद के 1-1 लाख के दो इनामी...

खीरी पुलिस को बड़ी कामयाबी: गाजियाबाद के 1-1 लाख के दो इनामी बदमाश भारत-नेपाल सीमा पर गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद पुलिस और लखीमपुर खीरी पुलिस के लिए सिरदर्द बने एक-एक लाख रुपये के दो मोस्ट वांटेड इनामी बदमाशों को संपूर्णानगर थाना पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर दबोच लिया है। इनके कब्जे से लूट की रकम व अवैध असलहा कारतूस भी बरामद हुआ है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने नेपाल से भारत में प्रवेश कर रहे दोनों शातिर लुटेरों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से गाजियाबाद एटीएम वैन लूट के बचे हुए एक लाख रुपये से अधिक की नकदी, अवैध असलहा, कारतूस और नेपाल के सिम कार्ड वाला एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

एसएसपी खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गत 6 मई 2026 को गाजियाबाद के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में बदमाशों ने एक एटीएम कैश वैन से 25 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट को अंजाम दिया था। इस वारदात में शामिल सुहैब पुत्र हाजी तौसीन (उम्र 19 वर्ष) और फिरोज पुत्र खलील अहमद (उम्र 28 वर्ष), दोनों निवासी विजयनगर, जिला गाजियाबाद, काफी समय से फरार चल रहे थे और गाजियाबाद पुलिस ने इन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि ये दोनों बदमाश वारदात के बाद नेपाल भाग गए थे और अब वापस भारतीय सीमा में दाखिल हो रहे हैं।

इस महत्वपूर्ण इनपुट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संपूर्णानगर थाना पुलिस ने गोविंद नगर चौराहा क्षेत्र और नेपाल सीमा से सटे कच्चे-पक्के रास्तों पर जाल बिछाया। पुलिस टीम को देखकर पैदल आ रहे दोनों बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने कुबूल किया कि एटीएम वैन लूट में उनके हिस्से में ढाई-ढाई लाख रुपये आए थे, जिसे लेकर वे नेपाल फरार हो गए थे। वहां मौज-मस्ती में पैसे खर्च करने के बाद बचे हुए रुपयों के साथ वे बकरीद मनाने अपने घर लौट रहे थे और सुरक्षा के लिए पास में हथियार रखे हुए थे।

पुलिस ने अभियुक्त सुहैब के पास से 46,500 रुपये और फिरोज के पास से 53,500 रुपये की लूट की रकम बरामद की है। इसके अलावा उनके पास से रास्ते के खर्च के अतिरिक्त रुपए, दो अवैध देशी तमंचे (12 बोर), पांच जिंदा कारतूस और नेपाल के सिम कार्ड वाला एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसे उन्होंने महेंद्रनगर (नेपाल) से खरीदा था। संपूर्णानगर थाना पुलिस ने दोनों शातिर इनामी बदमाशों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गाजियाबाद पुलिस को भी इस बड़ी कामयाबी की सूचना दे दी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments