Thursday, June 18, 2026
Homeदेशग्रेटर गीडा के रूप में विकसित होगी धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप

ग्रेटर गीडा के रूप में विकसित होगी धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप, ग्रेटर गीडा के रूप में विकसित होगी। करीब सात हजार एकड़ में विकसित होने वाली इस इंडस्ट्रियल टाउनशिप में सौ एकड़ से अधिक भूखंडों का आवंटन हो चुका है और अब दूसरे चरण के आवंटन के तहत चार सौ एकड़ से अधिक औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने जा रही है। इसके साथ ही पहले से आवंटित औद्योगिक भूखंडों पर दो बड़ी इकाइयों के शिलान्यास की भी तैयारी की जा रही है।

गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) की ओर से धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप को 6876 एकड़ में विकसित किया जा रहा है। यह औद्योगिक क्षेत्र 17 अधिसूचित ग्रामों में विस्तृत है। यह इंडस्ट्रियल टाउनशिप पूर्वांचल के सबसे बड़े इंडस्ट्रियल लैंड बैंक वाली होगी। इस इंडस्ट्रियल टाउनशिप के पहले फेज में गीडा द्वारा 800 एकड़ भूमि को अधिग्रहित कर उसे इंडस्ट्री की डिमांड के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अनुज मलिक के अनुसार इंडस्ट्रियल टाउनशिप के औद्योगिक सेक्टर-5 को साढ़े चार सौ एकड़ एरिया में विकसित किया गया है। यहां दो बड़े निवेशकों को जमीन भी आवंटित कर दी गई है। इसके साथ ही औद्योगिक सेक्टर-6 और 6-ए को विकसित किया जा रहा है। सीईओ के अनुसार बड़े निवेशकों की तरफ से निवेश के लिए लगातार जमीन की मांग को देखते हुए अब एक बार फिर चार सौ एकड़ से अधिक क्षेत्रफल के औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है।

पूर्व में संपन्न हुई आवंटन प्रक्रिया में अडानी समूह ने अंबुजा सीमेंट की यूनिट के लिए 46.63 एकड़ जबकि श्रेयश डिस्टिलरी-एनर्जी लिमिटेड ने 60.48 एकड़ भूमि आवंटित कराई है। इन दोनों भूमि आवंटन के सापेक्ष 4200 करोड़ रुपये का निवेश आना और 6500 लोगों के लिए रोजगार सृजन प्रस्तावित है। इन दोनों इकाइयों के शिलान्यास की भी तैयारी शुरू हो चुकी है। धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप में अडानी समूह ने अंबुजा सीमेंट यूनिट के लिए रेलवे लाइन स्लाइडिंग बनवाने को अतिरिक्त भूमि की मांग की है। साथ ही टाटा पॉवर ने सोलर पॉवर प्लांट और व रिलायंस समूह ने कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की यूनिट लगाने के लिए औद्योगिक भूखंड लेने के लिए निवेश का डीपीआर गीडा को दिया है। इसके अलावा अन्य कई निवेशक यहां अपनी पसंद की जमीन की मांग कर रहे हैं। निवेशकों की मांग को देखते हुए गीडा की तरफ से भूखंडों के आवंटन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments