लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुधवार को मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है, लेकिन पूर्वी यूपी के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) का प्रकोप जारी रहेगा। पश्चिमी यूपी में आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी लखनऊ सहित राज्य के लगभग दो दर्जन जिलों में तेज धूप और उमस रहने का अनुमान है। उधर, मानसून अभी यूपी-बिहार की सीमा पर ही अटका हुआ है लेकिन एक सप्ताह के भीतर प्रदेश में दस्तक दे सकता है।
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा-मथुरा व आसपास के इलाकों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश के बौछारें पड़ सकती हैं। नोएडा-गाजियाबाद, मेरठ व आसपास के इलाकों में भी सुबह से आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही बनी हुई है। दोपहर के बाद यहां मौसम में कुछ बदलाव आ सकता है। इसी प्रकार पूर्वी संभाग में मौसम शुष्क ही रहेगा।
मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मानसून आने में देरी हो रही है। इसकी वजह से ही मिला-जुला मौसम बना हुआ है और प्रदेश के कई जिलों में आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी हो रही है, तो कहीं-कहीं भीषण गर्मी और लू चल रही है। हालांकि मौसम विभाग का दावा है कि उत्तर प्रदेश में एक सप्ताह के भीतर मानसून आ सकता है। इसके बाद मानसूनी गतिविधियां शुरू हो जाएंगी और अच्छी बारिश की संभावनाएं हैं।
लखनऊ समेत 30 जिलों में हीटवेव की चेतावनी
मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के लगभग 30 जिलों में हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके अलावा बाराबंकी, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, प्रयागराज, चंदौली, मीरजापुर, संत रविदास नगर और सोनभद्र में बुधवार को हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

