लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ जनपद में गोसाईगंज थाना इलाके में सोमवार एक युवक सड़क किनारे बने गड्ढे में अपनी मोटरसाइकिल के नीचे दबा मिला है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की ताे युवक की सांसें थम चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
गोसाईगंज थाना प्रभारी दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना पर एक सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पंचसरा के पास एक युवक सड़क किनारे बने गड्ढे में अपनी मोटरसाइकिल के नीचे दबा पड़ा है। सूचना प्राप्त होते ही थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, तो देखा कि युवक की मौत हो चुकी है। युवक की पहचान सीतापुर जिले के ग्राम रसूलपुर निवासी विनीत कुमार के रूप में हुई। जांच में प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गई, जिससे यह दुर्घटना हुई। फ़िलहाल शव को पोस्टमार्टम भेजकर घटना की जानकारी मृतक के परिवार को देकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

