Thursday, October 15, 2026
Homeदेशगंभीर बीमारियों के इलाज में सरकार करेगी भरपूर मदद : मुख्यमंत्री योगी

गंभीर बीमारियों के इलाज में सरकार करेगी भरपूर मदद : मुख्यमंत्री योगी

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित, पारदर्शी तथा संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और किसी भी स्तर पर जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से आत्मीयता के साथ संवाद किया। उनकी बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी पहुंचे, जिन्होंने गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र मरीजों के इलाज का विस्तृत इस्टीमेट तत्काल तैयार कर शासन को भेजा जाए ताकि सरकार शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध करा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लोगों के आयुष्मान भारत कार्ड बनवाने की प्रक्रिया भी तेज की जाए, ताकि उन्हें भविष्य में भी बेहतर और निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उसकी समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।

पारिवारिक विवादों के मामलों में मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले संवाद और आपसी सहमति से समाधान का प्रयास किया जाए। यदि आवश्यक हो तभी विधिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता लोगों को राहत पहुंचाना है। इसलिए हर शिकायत का निस्तारण तत्परता, पारदर्शिता और मानवीय संवेदनाओं के साथ किया जाना चाहिए।

गोशाला पहुंचकर की गोसेवा, गोवंश को खिलाया गुड़

जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरा के अनुरूप रही। उन्होंने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे। गायों और अन्य गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया।

मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं से गोवंश के स्वास्थ्य, चारे और देखभाल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उनके बेहतर संरक्षण और सेवा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। गोशाला में मुख्यमंत्री का स्नेहपूर्ण व्यवहार और गोसेवा का दृश्य वहां उपस्थित लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह जनता दर्शन एक बार फिर इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान, जरूरतमंदों के उपचार और सुशासन की प्रतिबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता और अधिकारियों को दिए गए स्पष्ट निर्देशों ने फरियादियों में न्याय और राहत की नई उम्मीद जगाई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments