नोएडा/गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर नोएडा के थाना सेक्टर 63 क्षेत्र में तैनात पीआरबी के कमांडर और पायलट को एक लाल रंग के थार जीप के चालक ने थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के बहरामपुर के पास 12 अगस्त की शाम को टक्कर मार दिया। इस घटना में पीआरबी मोटरसाइकिल पर तैनात होमगार्ड की मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट घायल कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने गुरुवार की सुबह थाना रिपब्लिक क्रॉसिंग में दर्ज कराई है।
पुलिस उपायुक्त नगर (गाजियाबाद) धवल जायसवाल ने बताया कि नोएडा के थाना सेक्टर 63 क्षेत्र में तैनात पीआरबी को 12 अगस्त की शाम के समय गौर सिटी दो में एक घटना की सूचना मिली। पीआरबी मोटरसाइकिल पर कमांडर के रूप में तैनात कांस्टेबल प्रवीण तथा पायलट होमगार्ड कपिल कुमार (40) दोपहिया वाहन पर सवार होकर नेशनल हाईवे -9 के रास्ते गौर सिटी -2 के लिए चले। बहरामपुर पुलिस चौकी के पास एक लाल रंग की थार जीप (यूपी -14 डी एफ-0500) के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीआरबी वाहन (यूपी 32-डीजी-9619) में जोरदार टक्कर मार दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में प्रवीण कुमार और पायलट कपिल कुमार को गंभीर चोट आई। उन्हें उपचार के लिए एसजेएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान पायलट कपिल कुमार की देर रात को मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि घायल कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने आज इस मामले में थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में मुकदमा दर्ज करवाया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस थार के नंबर के आधार पर उसके चालक की तलाश कर रही है।

