
मीरापुर। सहोदय स्कूल कॉम्प्लेक्स के मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में गोल्डन बैल्स एकेडमी, ढिंढावली में अंतर विद्यालय सुलेख प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सुंदर लेखन, रचनात्मक सोच, अनुशासन तथा हिंदी भाषा के प्रति रुचि को विकसित करना रहा। कार्यक्रम में जनपद के 22 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया, जिसमें प्रत्येक विद्यालय से चार-चार छात्र-छात्राओं ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
प्रधानाचार्य पुनीत राजपूत ने बताया कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीरापुर की कक्षा सात की छात्रा समरीन तोमर ने अपने उत्कृष्ट सुलेख और सुस्पष्ट लेखन शैली से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समरीन की इस उपलब्धि से विद्यालय का नाम गौरवान्वित हुआ। इस सफलता में विद्यालय कोऑर्डिनेटर दीप्ति व्यास के साथ-साथ शिक्षक रवि शंकर मलिक एवं मीनू रानी का विशेष योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों से छात्रा को यह उपलब्धि हासिल हुई। छात्रा की सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पुनीत राजपूत एवं निदेशक राजेश कुमार शर्मा ने समरीन तोमर को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शिक्षकों के समर्पण की सराहना की। समापन अवसर पर आयोजकों ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन व रचनात्मकता को बढ़ावा देती हैं।
छात्रा को सम्मानित करते प्रधानाचार्य।
