Wednesday, October 14, 2026
Homeदेशअखिलेश ने भाजपा पर लगाया मतदाता सूची में गड़बड़ी कराने का आराेप

अखिलेश ने भाजपा पर लगाया मतदाता सूची में गड़बड़ी कराने का आराेप

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मतदाता सूची में गड़बड़ी कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ऐसे लोगों के नाम से भी फर्जी फॉर्म-7 भरवाकर वोट कटवाने का काम किया, जो दस्तखत तक करना नहीं जानते थे।

अखिलेश यादव शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि, “नंदलाल निषाद जो दस्तखत करना नहीं जानते थे, भारतीय जनता पार्टी ने उनके नकली दस्तखत कराकर वोट कटवाने का काम फर्जी फॉर्म-7 भरवाकर कराया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इस तरह की गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि न कभी तानाशाही चली थी, न दानाशाही चलेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। अखिलेश ने कहा कि ये भाजापा की सरकार में स्वास्थ्य विभाग ही वेंटिलेटर पर है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भविष्य में अपने घोषणापत्र में ऐसा प्रावधान लाएगी, जिसके तहत गरीबों को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक परेशानी न हो, इसके लिए सपा सरकार ठोस व्यवस्था करेगी।

अखिलेश ने कहा कि जेपीएनआईसी समाजवादियों के लिए एक इमोशनल जगह है, जय प्रकाश जी ने संपूर्ण क्रांति का आवाहन किया था और उस समय देश में राजनैतिक बदलाव आया था। उस जगह काे भी भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया है। रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा के मामले में उन्हाेंने कहा कि प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन पर मुफ्त बस यात्रा का वादा तो किया, लेकिन बसें ही हटवा दीं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जाट समाज में व्याप्त आक्रोश और मारे गए लोकप्रिय युवा गायक अंकित बालियान के दुखी पिता की बात सुनेंगे या उनसे भी उसी तरह पेश आएंगे, जैसा पहले एक दुखी मां के साथ हुआ था। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ वोटों की सगी है, जाट या किसी अन्य समाज की नहीं। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि आज जो जाट नेता अपने स्वार्थ के कारण भाजपा के साथ खड़े हैं, उनसे पूरा जाट समाज जवाब मांग रहा है।

उन्होंने प्रदेश में बन रहे एक्सप्रेसवे और सड़कों के मामले में भाजपा सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि लखनऊ और कानपुर एक्सप्रेसवे चार हजार करोड़ से ज्यादा का बना है, मुख्यमंत्री ने तो अपनी सड़कों में भी गोलमाल कर लिया। बीजेपी के लोग प्रोग्रेसिव सोच के लोग नहीं हैं, इनका नकारात्मक नजरिया है। भाजपा ने हर चीज महंगी कर दी है। आम लोगों की आमदनी नहीं बढ़ी, लोगों को कोई लाभ नहीं पहुंचा। महंगाई भ्रष्टाचार की वजह से है। समाजवादी सरकार बनेगी तो दाम बाँधो के सिद्धांत पर काम करेंगे।इससे पहले सपा मुख्यालय में बड़े स्तर पर दूसरी पार्टियों के नेताओं को शामिल कराया गया। इनमें बहुजन समाज पार्टी (बसपा), कांग्रेस और इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) से आए कई नेताओं ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें श्रावस्ती से एआईएमआईएम नेता अब्दुल मन्नान, पीलीभीत से पूर्व विधायक हेमराज वर्मा और प्रतापगढ़ से पूर्व विधायक रामशिरोमणि शुक्ला प्रमुख रहे। इसके अलावा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा मौर्य समेत कई पूर्व ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य भी अपने समर्थकों के साथ सपा में शामिल हुए।

सपा सदस्यता कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि संकीर्ण सोच रखने वाले लोग पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंकख्यक)से घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा कि “न जाने क्यों ये पीडीए से घबराते हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में पीडीए को लेकर समाजवादी पार्टी जितनी गंभीर है, उतनी गंभीरता किसी अन्य दल में नहीं दिखाई दे रही है। पार्टी का लक्ष्य 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना है और इसी दिशा में संगठन को मजबूत किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments