Friday, June 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअलग-अलग सड़क हादसों में भाई-बहन समेत चार की मौत

अलग-अलग सड़क हादसों में भाई-बहन समेत चार की मौत

बांदा । उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में रविवार का दिन हादसों के नाम रहा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन हादसों में भाई-बहन समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे मृतकों के घरों में कोहराम मच गया।
ट्रक ने किसान को 20 मीटर तक घसीटा
पहली घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर के पास हुई। डीएम कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय हीरालाल यादव अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने बाइक से कुकुवा खास गांव जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हीरालाल बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गए और चालक उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस सीसीटीवी के जरिए फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
स्कार्पियो की टक्कर से उजड़ गया परिवार
दूसरी हृदयविदारक घटना नरैनी कोतवाली अंतर्गत पड़मई गांव के पास हुई। कालिंजर के बरूआ गांव निवासी 24 वर्षीय अजय राजपूत अपनी बहन प्रभा और बहनोई विजय के साथ शादी से लौट रहे थे। सामने से आ रही एक स्कार्पियो ने उनकी बाइक को रौंद दिया। हादसे में अजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रभा ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल विजय का उपचार अभी जारी है। पुलिस ने स्कार्पियो को कब्जे में ले लिया है।
बारात में आए युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला
तीसरा हादसा महोबा के कुलकुआ गांव में हुआ, जहां फतेहपुर के मौहारी निवासी 35 वर्षीय जयकरन अपने रिश्तेदार की बारात में शामिल होने आया था। रविवार सुबह जनवासे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस अज्ञात वाहनों व फरार चालकों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments