Monday, August 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअवैध कब्जे हटाना योगी सरकार की प्राथमिकता, सपा-कांग्रेस ने राम मंदिर का...

अवैध कब्जे हटाना योगी सरकार की प्राथमिकता, सपा-कांग्रेस ने राम मंदिर का किया विरोध : चौधरी भूपेंद्र सिंह

संभल। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह रविवार शाम संभल पहुंचे जहाँ उन्होंने मुरादाबाद-बरेली शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के लिए प्रचार किया ।
इस दौरान उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी मतदाताओं से संपर्क करेगी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने शिक्षकों व शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने कभी भगवान श्रीराम के अस्तित्व को स्वीकार नहीं किया और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का लगातार विरोध किया। सपा-कांग्रेस के पेट में इस बात से दर्द है कि उनकी इच्छा के विपरीत न्यायालय के आदेश पर अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्म स्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है।
कैबिनेट मंत्री ने सपा पर मठों, मंदिरों और साधु-संतों का लगातार अपमान करने का आरोप लगाया। सपा का एजेंडा हमारी परंपरा, विरासत और आस्था के प्रति लोगों के मन में अविश्वास पैदा करना है। उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि सपा कभी वामपंथी मस्जिदों और मदरसों के लिए चंदा इकट्ठा होने की चर्चा नहीं करेगी।
पेपर लीक पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने एसआईटी का गठन किया है और प्रारंभिक जांच में दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 10-15 साल पहले ऐसी घटनाओं की कोई जांच नहीं होती थी। उन्होंने सपा, कांग्रेस और बसपा पर योजनाबद्ध तरीके से पेपर लीक कराकर पूरे प्रदेश को नकल का अड्डा बनाने का आरोप लगाया।
चौधरी भूपेंद्र सिंह ने आगे कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान दूसरे राज्यों और देशों से लोग उत्तर प्रदेश में नकल करने और परीक्षा प्रमाण पत्र लेने आते थे। उन्होंने जोर दिया कि जिस तरह से इन दलों ने शिक्षा जगत को दूषित किया, हमारी सरकार उसे सुधारने का पूरा प्रयास कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि परीक्षा प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनिश्चितता या शिकायत आने पर सरकार उसे गंभीरता से लेती है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करती है।
कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की स्पष्ट नीति है कि अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों ने हमेशा वोट बैंक और जाति के आधार पर विकास कार्य कराए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने वोट बैंक के लिए लोगों से अवैध कब्जे कराए, जिन्हें हटाना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments