Monday, June 22, 2026
Homeदेशचाबी बनाने के बहाने घर में घुसे, लाखों के गहने और नकदी...

चाबी बनाने के बहाने घर में घुसे, लाखों के गहने और नकदी उड़ाई, गुजरात से दबोचा गया शातिर चोर

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस की एंटी बर्गलरी सेल ने चाबी बनाने के बहाने घर में चोरी करने वाले एक शातिर चोर और उसके नाबालिग साथी को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर चोरी के गहनों की बिक्री से मिले 1.50 लाख रुपये नकद और चोरी की एक जोड़ी बालियां बरामद की हैं।

दक्षिण पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने शनिवार को बताया कि 28 अप्रैल को पालम विलेज थाना क्षेत्र में एक ई-एफआईआर दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके घर में चाबी बनाने के बहाने आए दो लोगों ने अलमारी से जेवरात और एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। जांच में सामने आया कि आरोपितों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर की रेकी की थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक पहले दिन दो युवक चाबी बनाने के बहाने घर पहुंचे थे। अगले दिन उन्हीं में से एक युवक अपने साथ एक बच्चे को लेकर फिर आया और बातचीत के दौरान मौका पाकर अलमारी से गहने और नकदी चुरा ली। बाद में सामान गायब मिलने पर पीड़ित को चोरी का पता चला।

350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर मिला सुराग

मामले की जांच के लिए एंटी बर्गलरी सेल की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध प्रह्लाद सिंह की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने नाला रोड, सागरपुर इलाके में छापेमारी कर प्रह्लाद सिंह और उसके नाबालिग भतीजे को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान प्रह्लाद सिंह ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ चाबी बनाने के बहाने घरों में प्रवेश करता था और फिर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। उसने बताया कि पहले दिन वह अपने साथी सतनाम सिंह के साथ शिकायतकर्ता के घर की रेकी करने गया था। अगले दिन वह अपने भतीजे के साथ पहुंचा और अलमारी से गहने व नकदी चुरा ली।

आरोपित ने यह भी बताया कि चोरी के बाद गहनों को बेच दिया था और रकम आपस में बांट ली थी। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर गुजरात के वडोदरा स्थित उसके घर से चोरी की संपत्ति की बिक्री से मिले 1.50 लाख रुपये नकद और चोरी की एक जोड़ी बालियां बरामद की हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपित प्रह्लाद सिंह गुजरात के वडोदरा स्थित दत्त नगर, अजवा रोड का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2023 में उत्तर-पश्चिम जिले के केशवपुरम थाने में चोरी और सेंधमारी का मामला दर्ज हो चुका है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments