Saturday, August 8, 2026
Homeदेशजनपद संभल की सदर तहसील क्षेत्र में 100 करोड़ की सरकारी जमीन...

जनपद संभल की सदर तहसील क्षेत्र में 100 करोड़ की सरकारी जमीन के घोटाले में शिंकजा कसा

उत्तर प्रदेश के जनपद संभल की सदर तहसील क्षेत्र में 100 करोड़ की सरकारी जमीन के घोटाले में शिंकजा कसा -31 नामजद सहित अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, FIR में नगर पालिका संभल के तत्कालीन ईओ के अलावा कई अन्य कर्मी भी शामिल

संभल। जनपद संभल की सदर तहसील क्षेत्र में करीब 100 करोड़ रुपये कीमत की ग्राम सभा की सरकारी जमीन से जुड़े बहुचर्चित प्रकरण में आखिरकार बड़ा एक्शन हो गया। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर राजस्व लेखपाल स्पर्श गुप्ता की ओर से कोतवाली सम्भल में 31 नामजद समेत कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। मामला कथित फर्जी पट्टे, नामांतरण और ग्राम सभा की बेशकीमती जमीन पर कब्जे से जुड़ा है। उक्त प्रकरण में तत्कालीन नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है।

संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि संभल कोतवाली में संभल मुरादाबाद मार्ग पर लगभग 38 बीघा सरकारी भूमि के फर्जीबाड़े में ग्राम तख्तगुस्साई की करीब 2.367 हेक्टेयर ग्राम सभा भूमि जिसकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये बताई गई है, उसे वर्ष 1967 के कथित फर्जी पट्टे के आधार पर वर्ष 2008 में नामांतरण कराकर कब्जे में लिया गया। शिकायत में कहा गया है कि प्रशासनिक जांच में कई गंभीर तथ्य सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

एफआईआर में तत्कालीन उप संचालक चकबंदी खेम सिंह खड़क, तत्कालीन नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजकुमार गुप्ता, नगर पालिका के तत्कालीन मानचित्रक शाहबुद्दीन, पैरोकार माजिद खान, कथित पट्टाधारक सईदुल रहमान खां, उनके वारिसों समेत कुल 31 नामजद लोगों और कुछ अज्ञात व्यक्तियों को आरोपित बनाया गया है। इसमें सभी लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 सार्वजनिक संपत्ति नुकसान अधिनियम 02 ओर 03 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में नामजद अन्य आरोपिताें में इबादुर्रहमान खां, एहसानुर्रहमान खां, शाहजहां बेगम, इफ्तआरा, तारिक अली, फारीक अली, शाकिर अली, शारिक अली, साजिद अली, शारिक शबूर, मोहम्मद मुजाहिद, रफीक, शाहजहां, अख्तरी, मोहम्मद उमर, मुनाजिर, मोहम्मद अजीम, धर्मेन्द्र, मधु खुराना, विजय गुप्ता, रूपाली गुप्ता, फुरकान, इमरान, आजम खान, प्रदीप कुमार अग्रवाल, मकसूद आलम वारसी और हरजीत सिंह शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments