Tuesday, October 13, 2026
Homeदेशजिलाधिकारी मुरादाबाद ने कुंदरकी विधायक के साथ मूढ़ापांडे क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित...

जिलाधिकारी मुरादाबाद ने कुंदरकी विधायक के साथ मूढ़ापांडे क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित गांवों का किया स्थलीय निरीक्षण

  • जिलाधिकारी बोले, जलस्तर सामान्य होने के बाद कराया जाएगा फसल क्षति का सर्वे

  • बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए : डीएम

मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने जिले की कुंदरकी विधानसभा से विधायक कुंदरकी ठाकुर रामवीर सिंह के साथ शुक्रवार को तहसील सदर के मूढ़ापांडे क्षेत्र में कोसी नदी के तटीय इलाकों में स्थित ग्राम भीतखेड़ा, हिरनखेड़ा, मिलक, बिसाड़ आदि गांवों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का ट्रैक्टर से स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति, जलभराव तथा प्रशासन द्वारा की गई राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने ग्रामीण जनों से बातचीत करके विस्तारपूर्वक जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही बाढ़ शरण स्थलों, मेडिकल कैंप एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सक्रिय रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे।

रजेड़ा नदी के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि नदी पर पुल बना हुआ है तथा नदी के बहाव क्षेत्र में सुधारात्मक कार्यों के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए सुधारात्मक कार्य कराए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में मुख्य रूप से पॉपुलर के पेड़ एवं धान की फसल है। धान की फसल की जलधारण क्षमता तुलनात्मक रूप से अधिक होने के कारण फिलहाल इसमें बड़े नुकसान की संभावना नहीं है। अन्य फसलों में हुई संभावित क्षति का वास्तविक आकलन जलस्तर सामान्य होने के बाद ही किया जा सकेगा। इसके लिए राजस्व टीम द्वारा नियमानुसार सर्वे किया जाएगा तथा सर्वे रिपोर्ट के आधार पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप पात्र किसानों को फसल क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।

कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ पूरे क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। प्रशासनिक टीम पूरी तरह सतर्क है और राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, एसडीएम सदर अभिषेक कुमार सिंह और आपदा विशेषज्ञ श्री प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे

Previous article
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ट्रस्ट ने नेपाल जल प्रलय के मृतकों को दी श्रद्धांजलि स्वामी सरस्वती दयानंद पार्क दीनदयाल नगर, मुरादाबाद में प्रार्थना कर मौन रखा गया मुरादाबाद, 04 सितम्बर (हि.स.)। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ट्रस्ट द्वारा शुक्रवार को स्वामी सरस्वती दयानंद पार्क, दीनदयाल नगर प्रथम, मुरादाबाद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया, जिसमें नेपाल में आई विनाशकारी जल प्रलय में मारे गए व्यक्तियों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और 2 मिनट का मौन रखा गया। सभा के अंत में ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों और उपस्थित लोगों ने मोमबत्ती जलाकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट प्रदीप सक्सेना ने कहा कि नेपाल में ग्लेशियर फटने से आई इस आपदा में सैकड़ों लोगों की मृत्यु अत्यंत दु:खद है। अभी भी हजारों लोग लापता हैं जिनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। यह सिर्फ नेपाल की नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज की त्रासदी है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और प्रभावित परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति मिले। श्रद्धांजलि सभा में ट्रस्ट के राष्ट्रीय महामंत्री दीपक सक्सेना, अरविंद सक्सेना, मनोज सक्सेना, बीके सक्सेना, निर्वेश भटनागर, विजय सक्सेना, कुलदीप भटनागर, सचिन सक्सेना, परवीन वोहरा, विजय चौधरी, ओपी चौधरी, बबलू श्रीवास्तव, अजय सक्सेना, गौरव भटनागर सभी पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Next article
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments