लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह ट्रक और मोटर साइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में घायल मोटर साइकिल सवार की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
दुबग्गा थाना प्रभारी अभिनव कुमार वर्मा ने बताया कि बुधवार की सुबह हरदोई रोड स्थित शिफा हॉस्पिटल के सामने ट्रक (केए 67 1429) और मोटर साइकिल (यूपी 51 बीए 8047) के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना में मोटर साइकिल सवार गोण्डा निवासी अमृतलाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस हादसे में मृतक अमृत लाल के साथ बाइक पर पीछे बैठा प्रयागराज निवासी विपुल द्विवेदी घायल हो गया, जिसका केजीएमयू, लखनऊ में उपचार चल रहा है।
घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर घटना की जानकारी परिवार को दे दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर ट्रक को पुलिस कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

