Tuesday, June 16, 2026
Homeदेशदिल्ली होटल अग्निकांड के बाद वाराणसी में होटलों की फायर सेफ्टी जांच,...

दिल्ली होटल अग्निकांड के बाद वाराणसी में होटलों की फायर सेफ्टी जांच, कई प्रतिष्ठानों को चेतावनी

मुख्य अग्निशमन अधिकारी खुद अभियान में रहे शामिल, होटल संचालकों के साथ गोष्ठी- पुलिस अफसरों ने होटल प्रबन्धन को दिया दिशा निर्देश

वाराणसी। दिल्ली में हाल ही में हुए होटल अग्निकांड के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में गुरुवार को होटलों और गेस्ट हाउसों की अग्निशमन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक जांच की गई। अभियान में मुख्य अग्निशमन अधिकारी स्वयं अपनी टीम के साथ शामिल रहे और शहर के विभिन्न होटलों में सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया।

छावनी क्षेत्र स्थित होटल क्लार्क समेत कई प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों की स्थिति का परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिन होटलों में फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं पाया गया, उन्हें चेतावनी दी गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे होटल प्रबंधन के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

इसी क्रम में गोमती जोन के अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र ने थाना बड़ागांव क्षेत्र के होटल संचालकों के साथ बैठक कर पर्यटकों और आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी होटल एवं गेस्ट हाउस केवल वैध लाइसेंस के तहत संचालित हों तथा लाइसेंस परिसर में प्रदर्शित किया जाए। होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पहचान पत्र के आधार पर सत्यापन और रजिस्टर में अनिवार्य प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने को कहा गया।

अपर पुलिस उपायुक्त ने होटल परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर यह फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर होटलों में फायर सेफ्टी उपकरणों की समुचित व्यवस्था, उनकी नियमित जांच तथा प्रशिक्षित कर्मचारियों की चौबीसों घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए स्पष्ट रूप से चिन्हित इमरजेंसी एग्जिट बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए होटल परिसर में जागरूकता संबंधी पोस्टर और पंपलेट लगाने तथा डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए होटलों के आसपास व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

बैठक में स्वच्छता बनाए रखने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने तथा किसी भी प्रकार की अराजक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक बड़ागांव सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments