
युरेशिया संवाददाता
मेरठ। शुक्रवार की सुबह नारकोटिक्स डिपार्टमेंट की टीम ने दौराला थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। वोल्वो बस से उतरते ही पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। जो इनवर्टर में छुपा कर 72 किलो गांजा उड़ीसा से लाए थे। बरामद गांजे की कीमत 37 लाख बताई जा रही है।
दरअसल, शुक्रवार की सुबह नारकोटिक्स डिपार्टमेंट और दौराला पुलिस टीम सिवाया टोल प्लाजा के पास चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान वोल्वो बस से दो युवक कपड़ों के बड़े-बड़े बैग लेकर उतरे। बस के नीचे युवकों के दो साथी और मौजूद थे। शक होने पर नारकोटिक्स डिपार्टमेंट की टीम ने बैगों की तलाशी ली।जिसमें 12 इनवर्टर के भीतर छुपाया गया 72 किलो गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की कीमत लगभग 37 लाख है। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने अपने नाम मुजफ्फरनगर के इस्सा गांव निवासी मोहर्रम और अकदस, तिस्सा गांव निवासी साजिद व दौराला के ब्रह्मपुरी निवासी अरविंद बताए। बदमाशों ने बताया कि वह अरविंद के लिए उड़ीसा और जयपुर से गांजा लाते हैं। फिलहाल नारकोटिक्स डिपार्टमेंट और पुलिस की टीम चारों बदमाशों से पूछताछ में जुटी है।

