Sunday, June 14, 2026
Homeदेशबरेली में गोकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़,...

बरेली में गोकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, क्रास फायरिंग में एक सिपाही व बदमाश घायल

बरेली । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और गौकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि फायरिंग में एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार रविवार रात भोजीपुरा थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पचौरी पेट्रोल पंप के सामने सरकारी नलकूप के पास दो संदिग्ध युवक गौवंशीय पशु के वध की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों बदमाशों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर अवैध असलाह से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग में आरक्षी सुमित कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि उसका साथी भाग निकला।

घायल बदमाश की पहचान कल्लू उर्फ कलुवा ( 34 वर्ष ) पुत्र इब्राहीम निवासी ग्राम भूड़ा थाना भोजीपुरा के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा गौकशी में इस्तेमाल होने वाले छुरी, कुल्हाड़ी समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अपने साथी जफर उर्फ रमन कालिया निवासी परतापुर जीवन सहाय थाना इज्जतनगर के साथ मिलकर आवारा गौवंशीय पशु का वध कर उसका मांस ले जाने की योजना बना रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें घेर लिया और बचने के लिए उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कल्लू उर्फ कलुवा शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में गौकशी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

सीओ हाईवे आशुतोष शिवम ने बताया कि भोजीपुरा पुलिस को मुखबिर से गौकशी की तैयारी की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित घायल हो गया । घायल सिपाही सुमित कुमार और आरोपित कल्लू को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments