Thursday, August 6, 2026
Homeदेशबिजनौर : पिंजरे में कैद हुआ गुलदार, ग्रामीणों ने ले ली राहत...

बिजनौर : पिंजरे में कैद हुआ गुलदार, ग्रामीणों ने ले ली राहत की सांस

बिजनौर। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में थाना हल्दौर क्षेत्र के गांव हसनपुर जट में पिछले कई दिनों से आतंक का पर्याय बना गुलदार आखिरकार वन विभाग के लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया। गुलदार के पकड़े जाने से शनिवार को ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार, हसनपुर जट गांव के आसपास कई दिनों से गुलदार की आवाजाही देखी जा रही थी। इसके चलते ग्रामीणों में भय का माहौल था और किसान खेतों में जाने से भी कतरा रहे थे। ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने गांव के निकट गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था। गुलदार को आकर्षित करने के लिए पिंजरे में एक कुत्ते को भी बांधा गया था।

बीती देर रात शुक्रवार को गुलदार पिंजरे में फंस गया। शनिवार सुबह इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार, गुलदार पहले भी गांव के कई कुत्तों को अपना शिकार बना चुका था, जिससे लोगों में दहशत व्याप्त थी। ग्रामीणों ने शाम से ही घरों से निकलना बन्द कर दिया था, वहीं बच्चों पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी।

वन विभाग के डिप्टी रेंजर नितीश कुमार ने बताया कि गुलदार को सुरक्षित पकड़ लिया गया है और उसे वन विभाग अपने कब्जे में लेकर उपयुक्त स्थान पर छोड़ेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कहीं भी गुलदार दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments