फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शहर के ऐतिहासिक और प्राचीन पांडेश्वर नाथ मंदिर (पंडाबाग मंदिर) में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। महाभारत कालीन से जुड़े इस द्वापर युगीन मंदिर में लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर को फूलों, रंग-बिरंगी लाइटिंग और आकर्षक सज्जा से सजाया जा रहा है, जबकि श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मंदिर के पुजारी गोपाल शर्मा ने शनिवार को बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर के पट रविवार सुबह 4:30 बजे खोले जाएंगे। साफ-सफाई और अन्य तैयारियों के बाद सुबह 5:00 बजे से श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक की अनुमति दी जाएगी। सुबह 6:00 बजे भगवान शिव का प्रातःकालीन मंगला पूजन होगा। पूरे दिन भगवान की पांच आरतियां होंगी, जबकि रात्रि में चारों पहर की विशेष पूजा और जागरण का भव्य आयोजन होगा।
सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्था
सैकड़ों-हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है। पुलिस के जवान बाहर गेट से लेकर मंदिर के अंदर तक व्यवस्था संभालेंगे, ताकि कोई असुविधा न हो और सुरक्षा सुनिश्चित रहे। बैरिकेडिंग से श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही होगी, जबकि पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शनिवार से ही सजावट और बैरिकेडिंग का कार्य जारी है। मंदिर को फूलों की मालाओं, रंगीन रोशनी और पारंपरिक सज्जा से सजाया जा रहा है, जो रात्रि में और भी आकर्षक लगेगा।
उल्लेखनीय है कि पांडेश्वर नाथ मंदिर महाभारत काल से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि अज्ञातवास के दौरान पांडवों ने यहां शिवलिंग की स्थापना की थी। कुछ कथाओं के अनुसार, माता कुंती ने भी इस क्षेत्र में शिव पूजा की थी। यह मंदिर फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित है और दूर-दूर से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर को “अपराकाशी” या प्राचीन तीर्थ के रूप में भी जाना जाता है, जहां दर्शन मात्र से मनोकामनाएं पूरी होने की विश्वास है।

