मीरापुर में मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक

युरेशिया संवाददाता
मीरापुर। थाना क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज कुतुबपुर में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत छात्राओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें सामाजिक, मानसिक और तकनीकी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का नेतृत्व मीरापुर थाने की एंटी रोमियो प्रभारी ममता अत्री ने अपनी पुलिस टीम के साथ किया। इस दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपायों, सुरक्षित व्यवहार, साइबर अपराधों से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सही और त्वरित प्रतिक्रिया देने के तरीकों की जानकारी दी गई। महिला पुलिसकर्मियों ने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि किसी भी तरह की असहज या आपत्तिजनक स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत सहायता कैसे प्राप्त की जाए। जागरूकता सत्र में छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें डायल 112, पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्डलाइन और 1033, महिला हेल्पलाइन शामिल हैं। इसके साथ ही मीरापुर थाने का सीयूजी नंबर भी साझा किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर छात्राएं सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने सवाल पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान किया।
फोटो कैप्शन- मीरापुर में छात्राओं को जागरूक करती पुलिस।