बिजनौर। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में नगीना क्षेत्र के रायपुर सादात से ग्राम सादतपुर गढ़ी तक प्रस्तावित पुल एवं सड़क निर्माण कार्य में कथित अनावश्यक देरी को लेकर पूर्व ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी प्रार्थना पत्र भेजा गया है।
पूर्व ग्राम प्रधान मुन्ना सिंह ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि रायपुर सादात से सादतपुर गढ़ी तक पुल एवं सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी प्रार्थना पत्र भेजा गया था, जिस पर राज्य मंत्री जसवंत सैनी द्वारा संस्तुति भी की गई थी। साथ ही आईआईटी रुड़की द्वारा मॉडल स्टडी भी पूरी की जा चुकी है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से अधिशासी अभियंता की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कराने, कार्य में देरी के कारणों का पता लगाने, यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या बाहरी दबाव सामने आए तो उसके विरुद्ध विभागीय एवं विधिक कार्रवाई करने तथा रायपुर सादात से सादतपुर गढ़ी तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृत कर समयबद्ध रूप से शुरू कराने की मांग की है।

