Thursday, August 6, 2026
Homeदेशशाखा से सियासी गलियारों तक छाई होली, योगी के मंत्री बोले-होली भारतीय...

शाखा से सियासी गलियारों तक छाई होली, योगी के मंत्री बोले-होली भारतीय लोकजीवन की जीवंत पहचान

– रंगों ने जोड़े दिल, होली मिलन में दिखी संगठन और संस्कार की झलक

– राजनीति से दूर रिश्तों का रंग, आत्मीय होली मिलन की धूम, जमकर झूमे

लखनऊ, 04 मार्च । धर्म और संस्कृति की धरा पर इस बार होली केवल रंगों का उत्सव नहीं रही, बल्कि संगठनात्मक आत्मीयता, सांस्कृतिक परंपरा और राष्ट्रभाव के रंगों से सराबोर नजर आई। भाजपा प्रदेश कार्यालय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक के आवास तथा अभाविप कार्यालय लखनऊ में उत्साह और उमंग के साथ होली मिलन समारोह आयोजित किए गए। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने वाराणसी में शाखाओं पर होली मिलन कार्यक्रम आयोजित कर अनुशासन और परंपरा के बीच उत्सव का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
होली के रंगों ने इस बार राजनीतिक गलियारों की गंभीरता को भी उत्सव की उमंग में बदल दिया। आरोप-प्रत्यारोप और रणनीतिक चर्चाओं से दूर, दिनभर माहौल पूरी तरह रंगोत्सव में डूबा रहा, जहां गुलाल के साथ संगठनात्मक आत्मीयता, आपसी विश्वास और भाईचारे की सजीव तस्वीर देखने को मिली।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है जो समाज में प्रेम, समरसता और आपसी सद्भाव को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि रंगों का यह उत्सव भेदभाव मिटाकर समाज को एक सूत्र में बांधने का संदेश देता है। सभी लोग सौहार्द, सुरक्षा और पारंपरिक गरिमा के साथ होली मनाएं तथा सामाजिक एकता को और मजबूत करें।
वहीं उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने होली को भारतीय लोकजीवन की जीवंत पहचान बताते हुए कहा कि यह पर्व खुशियों, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि होली हमें मन के वैमनस्य को समाप्त कर प्रेम और विश्वास के रंग भरने की प्रेरणा देती है।
भाजपा कार्यालय में दिखी कार्यकर्ताओं की उत्सवी एकजुटता
भाजपा कार्यालय में सुबह से ही होली मिलन का दौर शुरू हो गया। प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल कुमार ने कार्यकर्ताओं संग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। उपमुख्यमंत्री केशव के आवास पर पत्रकार और कार्यकर्ता ढोलक की थाप और पारंपरिक फाग गीतों के बीच कार्यकर्ता जमकर झूमते नजर आए। राजनीतिक चर्चा से दूर इस दिन माहौल पूरी तरह उत्सवी रहा, जहां संगठनात्मक भाईचारे की झलक साफ दिखाई दी।
उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य के आवास पर आत्मीय होली मिलन
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास पर आयोजित होली मिलन समारोह में जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक लोगों की बड़ी भागीदारी रही। यहां पारंपरिक गुलाल, मिठाई और ठंडाई के साथ होली गीतों पर सभी ने जमकर ठुमके लगाए। लोकगीतों और फाग की स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को बनारसी रंग में रंग दिया।
अभाविप कार्यालय में युवाओं की सांस्कृतिक होली
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कार्यालय में छात्रों और युवाओं ने सांस्कृतिक होली मनाई। यहां रंगों के साथ राष्ट्रगीत, लोकगीत और सामूहिक होली गायन हुआ। युवाओं ने कहा कि होली केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का पर्व है।
शाखा पर स्वयंसेवकों का मिलन
वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने विशेष शाखा मिलन आयोजित किया। शाखा में प्रार्थना, खेल और सामूहिक संवाद के बाद स्वयंसेवकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। शाखा परिसर में गूंजते होली गीतों और फाग ने वातावरण को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया।
होली गीतों पर जमकर थिरके लोग
कार्यक्रमों की सबसे आकर्षक झलक रही होली गीतों पर सामूहिक नृत्य। ढोलक-मंजीरे की थाप पर जब आज बिरज में होली रे रसिया और रंग बरसे… जैसे गीत गूंजे तो कार्यकर्ता, स्वयंसेवक और युवा खुद को थिरकने से रोक नहीं सके। रंग, संगीत और उल्लास ने पूरे शहर में उत्सव का जीवंत माहौल बना दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments