Saturday, August 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसंजय गांधी अस्पताल में मरीज की मौत पर बवाल

संजय गांधी अस्पताल में मरीज की मौत पर बवाल

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बे में स्थित संजय गांधी अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद रविवार की देर रात अस्पताल परिसर में हंगामा हो गया। परिजनों ने चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ की और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामे के चलते कुछ समय के लिए अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित रहीं, जिससे अन्य मरीजों और उनके तीमारदारों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा।
मृतक की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव चंद्रभान सिंह (60) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित उपचार और आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध न कराए जाने के कारण बुजुर्ग की मौत हुई। नाराज लोगों ने अस्पताल के गेट पर बैठकर धरना प्रदर्शन करते हुए किशोरी लाल शर्मा, राहुल गांधी और सोनिया गांधी मुर्दाबाद के नारे लगाए। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह अस्पताल गांधी परिवार के द्वारा स्थापित किया गया है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस अस्पताल की ट्रस्टी है। आए दिन इस तरह की घटनाओं के कारण यह अस्पताल विवादों के घेरे में रहता है। घटना की सूचना मिलते ही मुंशीगंज, गौरीगंज और संग्रामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। उधर घटना की जानकारी मिलते ही सीएमओ अमेठी डॉक्टर अंशुमान सिंह ने तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम बनाकर पूरे मामले की जांच करते हुए रिपोर्ट मंगवाई है।
मुंशीगंज कोतवाल शिवाकांत त्रिपाठी ने सोमवार को बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments