बरेली। बरेली में शनिवार को स्कूल चलो अभियान और प्रवेश उत्सव का आयोजन अर्बनहाट स्थित ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान वाराणसी के कंपोजिट विद्यालय शिवपुर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्कूल चलो अभियान के शुभारंभ का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। मंच से जनप्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं को किताबें वितरित कीं और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
इस मौके पर खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। प्रांतीय स्तर पर आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विजयी बच्चों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। हरुगला विद्यालय के छात्र हर्षित को उनके बनाए साइंस प्रोजेक्ट के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल चलो अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए एलईडी वैन और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का स्कूलों में प्रवेश कराना और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर उमेश गौतम और नवाबगंज विधायक एमपी आर्या मौजूद रहे। अधिकारियों में जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, अपर निदेशक बेसिक शिक्षा, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता मौजूद रहीं।

