बरेली। होली के मद्देनज़र यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने मुंबई से काठगोदाम के बीच साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन ने 09075/09076 मुम्बई सेंट्रल–काठगोदाम–मुम्बई सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को पांच फेरों के लिए संचालित करने की घोषणा की है।
09075 मुम्बई सेंट्रल–काठगोदाम साप्ताहिक विशेष गाड़ी 25 फरवरी तथा 4, 11, 18 और 25 मार्च 2026 तक प्रत्येक बुधवार को मुम्बई सेंट्रल से पूर्वाह्न 10:55 बजे रवाना होगी। ट्रेन बोरीवली, सूरत, बड़ोदरा, रतलाम, कोटा, मथुरा, कासगंज, बदायूं, बरेली जंक्शन, इज्जतनगर, लालकुआं होते हुए अगले दिन अपराह्न 2:30 बजे काठगोदाम पहुंचेगी।
वापसी में 09076 काठगोदाम–मुम्बई सेंट्रल साप्ताहिक विशेष गाड़ी 26 फरवरी तथा 5, 12, 19 और 26 मार्च 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को काठगोदाम से शाम 5:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन हल्द्वानी, लालकुआं, बरेली जंक्शन, कासगंज, मथुरा, कोटा, रतलाम, बड़ोदरा, सूरत और बोरीवली होते हुए रात 9:00 बजे मुम्बई सेंट्रल पहुंचेगी।
ट्रेन की संरचना में एक एसी द्वितीय श्रेणी, पांच एसी तृतीय श्रेणी, आठ शयनयान, दो साधारण द्वितीय श्रेणी तथा दो जीएसएलआरडी कोच सहित कुल 18 डिब्बे लगाए जाएंगे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि होली पर्व पर यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। यात्रियों से समय से पहले आरक्षण कराने और यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है।

