Tuesday, June 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहिंदी पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे मजबूत आवाज : ब्रजेश पाठक

हिंदी पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे मजबूत आवाज : ब्रजेश पाठक

कानपुर। कानपुर प्रेस क्लब द्वारा शुक्रवार काे हिंदी पत्रकारिता दिवस के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष गोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पत्रकार समाज को आईना दिखाने का काम करता है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उसकी अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के पुरोधा गणेश शंकर विद्यार्थी स्वतंत्रता संग्राम के बड़े नायक थे और उनकी स्मृतियों को पूरा देश नमन करता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कानपुर सांसद रमेश अवस्थी और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान दिल्ली और लखनऊ में कार्यरत कानपुर मूल के पत्रकारों को सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज और शासन के बीच संवाद का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की जिम्मेदारी निष्पक्ष और तथ्यात्मक जानकारी लोगों तक पहुंचाने की है।
अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि समाजसेवी और पत्रकार संवाद को लेकर दिया गया बयान बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि कोई भी जनप्रतिनिधि या नेता पत्रकारों से संवाद करके ही जनता तक अपनी बात पहुंचाता है और लोकतंत्र में संवाद की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने देश को नई दिशा देने का काम किया है। वहीं सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि पत्रकारिता समाज की जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments