Wednesday, August 5, 2026
Homeदेशबारिश से पहले सभी पंपिंग स्टेशन, सीवर एवं नाला सफाई की तैयारियां...

बारिश से पहले सभी पंपिंग स्टेशन, सीवर एवं नाला सफाई की तैयारियां पूरी करें : मंत्री ए.के. शर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने संगम सभागार (लखनऊ)में मंगलवार को वर्षाकाल के दृष्टिगत नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में जलभराव, सीवर ओवरफ्लो, नालों की सफाई, कचरा उठान एवं स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु के दौरान किसी भी नगर निकाय में जलभराव, सीवर बैक फ्लो, गंदगी अथवा कचरे के ढेर जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। आमजन को किसी प्रकार की असुविधा या संक्रमण का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी निकाय युद्धस्तर पर कार्य करें।

बारिश के मौसम में संक्रामक रोगों की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए सभी नगर निकाय प्राथमिकता के आधार पर ब्लीचिंग पाउडर, एंटी-लार्वा दवाओं एवं अन्य आवश्यक रसायनों का नियमित छिड़काव सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार के संक्रमण या महामारी की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने निर्देश दिए कि जहां-जहां पंपिंग स्टेशन एवं पंपिंग सेट स्थापित हैं, उनका तत्काल रखरखाव (मेंटेनेंस) पूर्ण किया जाए तथा उन्हें ड्रिल के माध्यम से पहले ही चलाकर जांच लिया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तत्काल कार्य करना शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान मशीनों के खराब होने या मेंटेनेंस के बहाने स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सभी मशीनें हर समय पूर्ण रूप से क्रियाशील स्थिति में रहनी चाहिए।

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, गाजियाबाद, आगरा सहित कई नगर निगमों तथा मुजफ्फरनगर, मऊ, पीलीभीत सहित विभिन्न नगर पालिकाओं एवं नगर निकायों के अधिकारियों से विस्तृत संवाद कर वर्षा पूर्व तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने नगर आयुक्तों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था की स्वयं नियमित मॉनिटरिंग करें तथा प्रत्येक शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।

बैठक में नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव गुरुप्रसाद, निदेशक अनुज कुमार झा, विशेष सचिव सत्य प्रकाश पटेल, मिशन निदेशक ऋतु सुहास सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश के सभी नगर आयुक्त एवं संबंधित अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments