बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में सिंगोली तगा गांव से 25 जुलाई से लापता दो दोस्तों के शव बुधवार देर रात लहचौड़ा स्थित गणेश मंदिर परिसर में जमीन के अंदर दबे मिले है। पुलिस ने सुबह तड़के करीब 3 बजे खुदाई कर दोनों शव बरामद किए, जिनकी पहचान इसरार पुत्र रिड्डू और दिव्यांग अंकित पुत्र मुकेश के रूप में हुई है। दोनों युवक 25 जुलाई को बाइक से घूमने निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने 29 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गणेश मंदिर के महंत नरेश नाथ से पूछताछ की, लेकिन वह फरार है। पुलिस ने महंत के दो शिष्यों को हिरासत में लिया, जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने खुदाई में शव बरामद किए। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद मौत की असली वजह का पता चलेगा। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा खंगाल रही है, और फरार महंत की तलाश में जुटी है।
सीओ खेकड़ा रोहन चौरसिया का कहना है कि गुमशुदी की तलाश में पुलिस द्वारा जांच की गई थी पूछताछ के बाद मुखबिर की सूचना पर लापता युवकों के शव बरामद किए गए हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच की जा रही है। दो लोग हिरासत में लिए गए हैं जांच और पूछताछ के बाद ही घटना की असली वजह सामने आएगी।

