Wednesday, October 14, 2026
Homeदेशडीएम कार्यालय का अधिकारी बन प्रधानाध्यापक को ब्लैकमेल करने के मामले में...

डीएम कार्यालय का अधिकारी बन प्रधानाध्यापक को ब्लैकमेल करने के मामले में मुकदमा दर्ज

हमीरपुर ! उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के जरिया थाना क्षेत्र के दांदौ गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को डीएम कार्यालय हमीरपुर का अधिकारी बनकर फोन करने और अनैतिक कार्रवाई की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। प्रधानाध्यापक की तहरीर पर जरिया पुलिस ने शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रभारी प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विगत 18 जुलाई को उनके मोबाइल पर डीएम कार्यालय हमीरपुर के नाम से एक कॉल आई थी। करीब छह सेकंड बाद कॉल कट गई। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सएप पर विद्यालय से संबंधित जानकारी और जीपीएस फोटोग्राफी मांगी गई। डीएम कार्यालय का अधिकारी समझकर उन्होंने विश्वास में विद्यालय की फोटो भेज दीं। आरोप है कि इसके दो दिन बाद से लगातार व्हाट्सएप संदेश भेजकर अनैतिक कार्रवाई की धमकी दी जाने लगी।

आरोपित ने विद्यालय से संबंधित ऑनलाइन शिकायत का स्क्रीनशॉट भी प्रधानाध्यापक को भेजा। लगातार धमकियां मिलने से परेशान प्रधानाध्यापक ने इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने ऑनलाइन शिकायत की जांच कराई तो कंप्यूटर पर गांव के ही पुष्पेंद्र के नाम से शिकायत दर्ज मिली। इसके बाद प्रधानाध्यापक ने आशंका जताई कि किसी व्यक्ति ने डीएम कार्यालय का अधिकारी बनकर उन्हें फोन किया और विद्यालय की जानकारी हासिल करने के बाद ब्लैकमेल करने का प्रयास किया।

जरिया थानाध्यक्ष मनोज पांडेय ने बताया कि प्रधानाध्यापक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments