Tuesday, June 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपंकज चौधरी के नेतृत्व में विपक्षी दलों से लड़ना होगा : योगी...

पंकज चौधरी के नेतृत्व में विपक्षी दलों से लड़ना होगा : योगी आदित्यनाथ

  • विपक्ष के छल-छद्म से लड़ने के लिए मजबूत संगठन और मजबूत नेतृत्व बहुत जरूरी 

लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यक्रम उपलब्धियों के बारे में बताते हुए, आने वाले दिनों में नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरे जोश और उत्साह के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 में होने वाले चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठित होकर नये कैप्टन पंकज चौधरी के नेतृत्व में कार्य करने के लिए प्रेरित किया और याद दिलाया कि हमें चुनावों में अपने विपक्षी दलों के छल-छद्म से भी लड़ना होगा। इसके लिए मजबूत संगठन और मजबूत नेतृत्व बहुत जरूरी है।‌

योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेरा बूथ सबसे मजबूत के नारे को मूल मंत्र बना कर मेहनत करने को कहा। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को एसआईआर की प्रक्रिया में गंभीरता से संलग्न होने और अपने बूथ को मजबूत करने का आव्हान किया‌ और 25 दिसंबर को लखनऊ में बने नव निर्मित प्रेरणा स्थल के उद्घाटन अवसर पर आने का निमंत्रण भी दिया। केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि हमें अध्यक्ष के तौर पर पंकज यानी कमल मिला है, ये हम सब के लिए सौभाग्य का सूचक है। ये सुनते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने तालियां बजा और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगा कर, उनके कथन का स्वागत किया।

शंखध्वनि के बीच हुई पंकज चौधरी की घोषणा राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में जैसे ही केंद्रीय पर्यवेक्षक पीयूष गोयल ने पंकज चौधरी की घोषणा की पूरा सभागार भाजपा जिंदाबाद, मोदी-मोदी, योगी-योगी के जयघोष से गूंज उठा। वहीं गायत्री परिवार के सदस्यों ने शंखध्वनि की। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों ने कर्तल ध्वनि के बीच नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का स्वागत किया। पूरा सभागार भारत माता की जय और पंकज चौधरी के अभिवादन के नारों से गूंजता रहा। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यवेक्षक पीयूष गोयल ने प्रदेश‌ कार्यकारिणी के नये निर्वाचित 120 सदस्यों में से लोकप्रिय सदस्यों के नाम की भी घोषणा की।

इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम् के पाठ और श्रद्धेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीन दयाल उपाध्याय और अटल बिहारी बाजपेई के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव‌ मौर्या एवं ब्रजेश‌ पाठक और नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ अन्य गणमान्य मंत्रीगण, सांसद और विधायकगणों के साथ प्रदेश‌‌ भर से हजारों की संख्या में आये भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments