उरई। उत्तर प्रदेश में जिला जालौन की कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा छिरिया-कमसेरा मार्ग पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कोतवाल अजीत सिंह का कहना है कि मृतक की पहचान रामनगर उरई निवासी सूर्यांश तिवारी (25) के रूप में हुई है। वह शुक्रवार देर रात उरई से बंगरा की ओर किसी निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान छिरिया और कमसेरा गांव के बीच उसकी बाइक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सूर्यांश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल युवक का इलाज शुरू किया, लेकिन सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। काफी प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और इलाज के दौरान ही सूर्यांश ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही जालौन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरु कर दिया।
कोतवाल अजीत सिंह का कहना है कि जल्द ही वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।

