Wednesday, June 24, 2026
Homeदेशबरेली : मुठभेड़ में दो गोतस्कर घायल, एक फरार

बरेली : मुठभेड़ में दो गोतस्कर घायल, एक फरार

बरेली । उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के थाना शीशगढ़ क्षेत्र में गोवंश वध के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने शनिवार सुबह मुठभेड़ के दौरान दो आरोपिताें को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से दो तमंचे, सात कारतूस, नकदी और गोकशी के उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि 3 अप्रैल को ग्राम बरगवां निवासी ओमकार ने सूचना दी थी कि किच्छा नदी के पास अज्ञात लोगों ने गौवंशीय पशु का वध कर उसके अवशेष फेंक गए थे। इस संबंध में थाना शीशगढ़ में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन कर लगातार तलाश की जा रही थी।

शनिवार सुबह करीब पांच बजे थाना प्रभारी शीशगढ़ पुलिस बल के साथ गश्त पर थे। तभी पनवड़िया पुल के पास तीन संदिग्ध व्यक्तियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपिताें को गोली लग गई। घायल आरोपिताें की पहचान अब्दुल रहमान (35) निवासी धोराटांडा, थाना भोजीपुरा और दानिश कुरैशी निवासी धोराटांडा के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर तलाशी ली तो अब्दुल रहमान के पास से एक तमंचा, एक जिंदा व दो खोखा कारतूस और 1260 रुपये नकद मिले। वहीं दानिश कुरैशी के पास से एक तमंचा, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस, 1550 रुपये नकद और गोकशी के उपकरण बरामद हुए। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी बहेड़ी भेजा गया है। मुठभेड़ में तीसरा आरोपित आरिफ मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस जंगल में कॉम्बिंग कर रही है। घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने बताया कि गोवंश वध की घटना का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पुलिस टीमों को लगाया गया था। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक की तलाश जारी है। बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments