उरई। कोंच कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अंडा गांव में गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, आगरा जिले के न्यू आगरा थाना क्षेत्र के खासपुर गांव निवासी 29 वर्षीय राजकुमार अपनी पत्नी मंजू (27) और बेटे ऋषभ (2) के साथ बाइक से सैदनगर में रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जब वे कोंच क्षेत्र के अंडा गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मंजू और छोटा बेटा ऋषभ गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं ,दूसरी बाइक पर सवार एट थाना क्षेत्र के सतोह गांव निवासी शिवम (24) की भी हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। शिवम के मामा रजनीकांत ने बताया कि वह भी एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। मृतक राजकुमार के भाई भूरे सिंह ने बताया कि राजकुमार सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना मिलते ही कोंच कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी ब्रजेश बहादुर ने बताया मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

