बरेली । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली में बुधवार को विश्व हिंदू परिषद की नेता और हिंदुत्ववादी वक्ता साध्वी प्राची ने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान गाजियाबाद के सूर्या चौहान हत्याकांड को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने हिंदू समाज से सतर्क रहने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री से सभी आरोपिताें और पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
साध्वी प्राची ने कहा कि सूर्या चौहान की हत्या ने उन्हें झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना चाहिए और किसी पर भी आंख बंद कर भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र का जिक्र करते हुए दावा किया कि वहां अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। साध्वी प्राची ने कहा कि क्षेत्र में अवैध मदरसे और मस्जिदें चलने की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं। उनका आरोप था कि सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद कई लोग इलाके से चले गए, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में शामिल सभी आरोपिताें और पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
महंगाई और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर पूछे गए सवाल के जवाब में साध्वी प्राची ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों का असर हर देश पर पड़ रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल केवल राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं। उनके अनुसार राष्ट्रहित को प्राथमिकता देना सभी की जिम्मेदारी है।
उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर को लेकर उठ रहे सवालों पर साध्वी प्राची ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का विरोध नहीं होना चाहिए। उन्होंने विपक्षी दलों पर अपराधियों के प्रति नरम रवैया अपनाने का आरोप लगाया। साथ ही प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर उन्होंने दावा किया कि व्यवस्था के भीतर कुछ ऐसे तत्व मौजूद हैं जो अपराधियों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
साध्वी प्राची ने कहा कि देश की जनता अब जागरूक हो चुकी है और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर सही निर्णय लेने में सक्षम है। उनके बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है।

