नोएडा। नाेएडा में थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करने वाली महिला ने बिल्डिंग के छठवें मंजिल से कूदकर शनिवार दोपहर को आत्महत्या कर लिया। महिला ने 6 माह पूर्व एक युवक से प्रेम विवाह किया था। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मूलरूप से मेरठ निवासी साैरभ चाैधरी की पत्नी पारूल थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के नॉलेज पार्क-थ्री स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करती थी। शनिवार दाेपहर उसने हॉस्टल की बिल्डिंग के छठवीं मंजिल से को कूद गई। उन्होंने बताया कि गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भिजवाया, जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। अगर वे इस मामले में कोई शिकायत करते हैं तो पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच करेगी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि पारुल ने 6 माह पूर्व सौरभ चौधरी के साथ प्रेम विवाह किया था। सौरभ और उसकी पत्नी के बीच किसी तीसरे व्यक्ति को लेकर आपस में विवाद चल रहा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

