संभल। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल में दीपा सराय इलाके में शाही जामा मस्जिद के दूसरे सर्वे के दौरान हिंसा हुई थी। दंगाइयों द्वारा कानून व्यवस्था बनाने के लिए माैके पर पहुंची पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाए गए थे। प्रशासन ने इन्हीं ईंट-पत्थराें का उपयाेग करके पुलिस चाैकी तैयार की है । इस पुलिस चाैकी का नाम दीपा सराय रखा गया है।
आज शुक्रवार को इस नयी पुलिस चौकी को उद्घाटन के अवसर पर गुब्बारों से सजाया गया। पंडितों से हवन-पूजन कराया गया। सबसे बड़ी बात यह है कि नव निर्मित पुलिस चौकी सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और हिंसा के मास्टरमाइंड तथा फरार गैंगस्टर शारिक साठा के घर से 100 मीटर की दूरी पर है। इसका निर्माण 24 नवंबर 2024 की हिंसा के बाद 4 मार्च 2025 को शुरू हुआ था। मुस्लिम बच्ची इनाया के हाथों चौकी की नींव की पहली ईंट रखवाई गई थी। 9 महीने 13 दिन में चौकी बनकर तैयार हुई।
इस दो मंजिला चौकी में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। पूरी चौकी सीसीटीवी कैमरों से लैस है। इससे पहले संभल जामा मस्जिद के पास में सत्यव्रत चौकी बनाई गई थी, जहां 24 घंटे पुलिस तैनात रहती है। जिलाधिकारी डॉ राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि पिछले एक साल में 35 चौकियों का निर्माण प्रस्तावित था। उसी क्रम में दीपा सराय चौकी का निर्माण कराया गया। यह जनपद के सर्वाधिक संवेदनशील स्थानों में से एक है।

