युरेशिया संवाददाता
मेरठ। शुक्रवार को अलविदा जुमे के मौके पर जिले की तमाम मस्जिदों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। पुलिस की कड़ी सुरक्षा में जुमे की नमाज अदा कराई गई। एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि ईद पर भी जिले भर में ड्रोन और पुलिस के पहरे में ईद की नमाज अदा कराई जाएगी। इस दौरान कोई भी खुराफात करने वालों के खिलाफ कप्तान ने कड़ी कार्रवाई की बात कही।
बताते चलें कि शुक्रवार को अलविदा जुमे के मौके पर शहर और देहात की 450 से अधिक मस्जिदों के बाहर सुरक्षा की दृष्टि से 1300 से अधिक पुलिसकर्मियों को लगाया गया था। पुलिस और सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी में अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई। एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि पीस कमेटी की बैठक में ईद की नमाज को लेकर धर्मगुरुओं से चर्चा की गई है। जिसमें बिजली-पानी, ट्रैफिक डायवर्जन सहित तमाम मुद्दों पर बातचीत करते हुए समस्याओं को सुना गया। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी गई है। ईद पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों, सड़क पर नमाज अदा करने वालों के खिलाफ पुलिस उनका पासपोर्ट जब्त करने से लेकर अन्य सभी सख्त कार्यवाही करेगी। एसएसपी ने बताया कि शहर और देहात में ईद के दिन 544 मस्जिदों और 146 ईदगाहों पर कड़ी सुरक्षा में नमाज अदा कराई जाएगी। सुरक्षा के लिए सभी धार्मिक स्थलों के बाहर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। इस दौरान भारी मात्रा में आरएएफ और आरआरएफ को भी तैनात किया जा रहा है।

