युरेशिया संवाददाता
मेरठ। टीपी नगर थाना क्षेत्र में शादी के एक महीने बाद युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए उसकी पत्नी की पिटाई कर डाली। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक मलियाना की रविदास कॉलोनी के रहने वाले आकाश की शादी बीती चार फरवरी को रखौड़ा खुर्द निवासी राधिका पुत्री अमरपाल से हुई थी। आकाश की मां हरबीरी का आरोप है कि शादी के बाद से ही राधिका उनके बेटे का उत्पीड़न कर रही थी। इतना ही नहीं आकाश को शक था कि राधिका के किसी युवक से अवैध संबंध हैं। बीती एक मार्च की शाम 6:00 बजे आकाश अपने कमरे में बेहोश पाया गया। जबकि राधिका घर से गायब थी। परिवार के लोगों ने आकाश को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां देर रात आकाश की मौत हो गई। इसके बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। आरोप है कि राधिका अस्पताल पहुंची तो आकाश के परिजनों ने राधिका पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई कर डाली। जिसके चलते अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की मां हरबीरी ने पुत्रवधू राधिका पर अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इंस्पेक्टर टीपी नगर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

