प्लास्टिक सर्जरी केवल सौंदर्य बढ़ाने तक सीमित नहीं : डा.राजीव अग्रवाल
लखनऊ। विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस के अवसर पर संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआईएमएस), लखनऊ के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभाग द्वारा बुधवार को लखनऊ गोल्फ क्लब में एक भव्य जागरूकता वॉकथॉन का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने पारंपरिक रूप से गुब्बारे उड़ाकर एवं हरी झंडी दिखाकर वॉकाथॉन का शुभारम्भ किया।
वॉकाथॉन में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वॉकाथॉन का प्रारम्भ गोल्फ रेंज से हुआ, जहाँ से प्रतिभागी ला मार्ट्स टेनिस अकादमी तक पैदल चले और वहाँ से वापस लखनऊ गोल्फ क्लब पहुँचकर लगभग एक किलोमीटर की यात्रा पूर्ण की।
प्रतिभागियों ने प्लास्टिक सर्जरी के महत्व को दर्शाने वाले आकर्षक पोस्टर एवं स्लोगन हाथों में लेकर जन-जागरूकता का संदेश दिया। वॉकाथॉन में एसजीपीजीआईएमएस के संकाय सदस्य, चिकित्सक, रेज़िडेंट डॉक्टर, वार्ड एवं ऑपरेशन थिएटर की नर्सिंग टीम, तकनीशियन, गोल्फ खिलाड़ी, टेनिस खिलाड़ी, प्रातः भ्रमण करने वाले नागरिक तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सक्रिय सहभागिता की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा “प्लास्टिक सर्जरी आधुनिक चिकित्सा की ऐसी महत्वपूर्ण शाखा है, जो केवल शरीर की विकृतियों का उपचार ही नहीं करती, बल्कि रोगियों का आत्मविश्वास, सम्मान और जीवन की गुणवत्ता भी पुनर्स्थापित करती है। ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को समय पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।”
वॉकाथॉन का आयोजन डॉ. राजीव अग्रवाल, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभाग, एसजीपीजीआईएमएस, लखनऊ के नेतृत्व में किया गया। डा. राजीव अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि “प्लास्टिक सर्जरी केवल सौंदर्य बढ़ाने तक सीमित नहीं है। यह ऐसी विशिष्ट चिकित्सा शाखा है जो जन्मजात विकृतियों, जलन, दुर्घटनाओं, कैंसर, हाथ की चोटों, तंत्रिका संबंधी समस्याओं तथा अनेक जटिल स्थितियों से प्रभावित मरीजों को नया जीवन, नई कार्यक्षमता और नया आत्मविश्वास प्रदान करती है। इस वॉकाथॉन का उद्देश्य अस्पताल की सीमाओं से बाहर निकलकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक यह संदेश पहुँचाना था कि आधुनिक प्लास्टिक सर्जरी हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है।”

