युरेशिया संवाददाता
मेरठ। यूट्यूबर शादाब जकाती की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शादाब के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला ने शुक्रवार को एसएसपी से मिलकर शादाब से अपनी जान का खतरा बताया। इसी के साथ शादाब जकाती की गिरफ्तारी की मांग की।
इंचौली क्षेत्र की रहने वाली महिला अपने वकीलों के साथ शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची। महिला ने आरोप लगाया कि शादाब जकाती ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। काफी प्रयास के बाद एक महीने पहले इंचौली पुलिस ने शादाब के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज किया। लेकिन, उसे अब तक गिरफ्तार नहीं किया है। महिला के वकील ने आरोप लगाया कि शादाब ने पैसे के बल पर इंचौली पुलिस से सेटिंग कर ली है और फरार हो गया। शादाब लगातार सोशल मीडिया पर अपने वीडियो अपलोड कर रहा है। मगर, पुलिस बहाना बना रही है कि वह पुलिस के हाथ नहीं चढ़ रहा। महिला ने आरोप लगाया कि शादाब का साथी शारिक मुकदमे में समझौता न करने पर उसके परिवार की हत्या की धमकी दे रहा है। जिसके चलते महिला के बच्चे स्कूल भी नहीं जा पा रहे। अपने परिवार की जान का खतरा बताते हुए पीड़िता ने शादाब जकाती की गिरफ्तारी की मांग की। एसएसपी ने मामले में कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

